दो गुटों के झगड़े में बीच बचाव करने गए दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या
अमर उजाला ब्यूरो,
कुंडली/सोनीपत। गली में बाइक खड़ी करने के लिए दो पक्षों में हो रहे झगड़े का बीचबचाव करने वाले दुकानदार को भारी पड़ी गया। कुंडली में पेपर मिल के पास परचून की दुकान चलाने वाले दुकानदार 20 हमलावरों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं बचाव को आए कई अन्य लोगों को भी घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर एक नामजद सहित 20 के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
रोहतक के गांव कटवाड़ा निवासी गौरव (25) व उसके भाई विकास ने कुंडली में पेपर मिल के पास किराए के कमरे बना रखे हैं। साथ ही वह वहां पर परचून की दुकान चलाते हैं। विकास ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात को वह तथा उसका भाई गौरव दुकान पर थे। इसी दौरान मूलरूप से यूपी के जिला बागपत के गांव सनौली नगला फिलहाल कुंडली का रहने वाला मनीष उनकी कॉलोनी में आया था। उनकी कॉलोनी के सामने मनीष की बहन रहती है। वह उनकी कॉलोनी में रहने वाले आश मोहम्मद के साथ झगड़ा करने लगा। उसने आश मोहम्मद की बाइक भी तोड़ दी। जिस पर वह तथा उसका भाई गौरव बीच बचाव करने लगे। इसके बाद मनीष उन्हें धमकी देकर चला गया। कुछ देर बाद मनीष अपने करीब 20 साथियों को लेकर उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने आते ही उसके भाई गौरव पर हमला कर दिया। जब वह बचाव को तो हमलावर मुझ पर भी हमला करने के लिए पीछा करने लगे। जैसे-तैसे मैंने भागकर जान बचाई। हमलावरों ने कॉलोनी में रहने वाले दिव्यांग वकील कुमार व अन्य पर भी हमला कर दिया। हमले में उसका भाई गौरव बुरी तरह से घायल हो गया। बाद में हमलावर धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों के आने के बाद वह अपने भाई को कुंडली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में लेकर गया, जहां उसे सोनीपत रेफर कर दिया। वह अपने भाई को सोनीपत के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वीरवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने विकास के बयान पर मनीष व करीब 20 अन्य के खिलाफ हत्या, मारपीट, नुकसान पहुंचाने और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
गली में बाइक खड़ा करना बना झगड़े का कारण
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आश मोहम्मद अपनी बाइक को गली में खड़ा करता था। कॉलोनी में उनके सामने ही मनीष की बहन रहती थी। उसने आश मोहम्मद को बाइक खड़ी करने से रोका था। वह, नहीं माना तो उसने अपने भाई से कह दिया था। मनीष आश मोहम्मद को समझाने आया था। इसी को लेकर उनमें झगड़ा हो गया था। जिसके बाद यह वारदात हुई।
कॉलोनी में दहशत का माहौल, कई कमरे बंद
हमले के बाद से कॉलोनी में दहशत का माहौल है। हमले के बारे में कोई भी बोलने को तैयार नहीं था। वहीं, कई कमरों पर ताले लटके मिले। आसपास पता करने पर जानकारी मिली कि कई लोग रात को हुए हमले से इस कदर खौफजदा थे कि वह सुबह कमरों पर ताले लगाकर अपने घरों को चले गए। लोगों ने मामले में तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।
दुकानदार की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई है। दुकानदार के भाई ने एक नामजद सहित 20 के खिलाफ केस दर्ज कराया है। झगड़ा बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था। जिसमें दुकानदार बचाव को आया तो उसकी हत्या कर दी गई। जल्द हमलावरों को काबू किया जाएगा।
- सुरेंद्र कुमार, जांच अधिकारी, थाना कुंडली।