बोलेरो की टक्कर से कार सवार चाचा-भतीजी की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। दिल्ली मेें आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे परिवार की कार को बोलेरो गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चाचा-भतीजी की मौत हो गई। वहीं कार चला रहा बेटा बाल-बाल बच गया। हादसा जीटी रोड पर गन्नौर फ्लाईओवर के पास हुआ। बेटे ने मामले की शिकायत जीटी रोड पुलिस चौकी में दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
करनाल के गांधी नगर कॉलोनी निवासी प्रहलाद की साली के बेटे की दिल्ली के किराड़ी में शादी थी। वह अपने तथा भाई के परिवार सहित शादी समारोह में गया हुआ था। शादी समारोह में भाग लेने के बाद वीरवार तड़के प्रहलाद (50) अपने बेटे शंकर व भतीजी प्रीति (18) के साथ वैगन आर कार में सवार होकर घर के लिए चल दिया। जब वह गन्नौर फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो एक बोलेरो गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर से कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में कार सवार प्रहलाद व उसकी भतीजी प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि शंकर हादसे में बाल-बाल बच गया। टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात बोलेरो गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
---
दाखिला लेने से पहले ही मौत के आगोश में समाई प्रीति
परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई प्रीति के माता-पिता ने उसे अपने साथ चलने की बात कही थी। लेकिन प्रीति ने अपने माता-पिता को कहा कि उसे करनाल के बीकॉम प्रथम वर्ष में वीरवार को दाखिला लेने जाना है। जिसके चलते उसने तड़के ही घर जाने का निर्णय लिया था। हादसे में वह घर पहुंचने से पहले ही मौत के आगोश में चली गई। प्रीति पढ़ाई में काफी होनहार थी। वहीं उनके चाचा करनाल में परचून की दुकान चलाते थे।
---
गन्नौर फ्लाईओवर के पास हादसे में कार सवार चाचा-भतीजी की मौत हो गई। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, गन्नौर।