अमर उजाला ब्यूरो
राई (सोनीपत)।
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल में आर्यभट्ट हॉस्टल के कमरे से बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र का शव फंदे पर लटका मिला है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। देर रात तक पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही थी। छात्र के परिजनों को हॉस्टल में बुलवाया गया है। जिससे छात्र की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
जींद के अर्बन एस्टेट निवासी अभिषेक सांगवान ने दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। वह आर्यभट्ट (छात्र) हास्टल के कमरा नंबर 102 में रह रहा था। बताया गया है कि उसके साथियों ने उसे मंगलवार को देखा था। रात को जब वह उसके कमरे पर गए तो दरवाजा अंदर से बंद मिला था। उन्होंने सोचा कि वह सो रहा होगा। बुधवार को भी उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। जिस पर शाम को उनका शक गहरा गया। उन्होंने मामले की सूचना चीफ वार्डर आरके गर्ग व वार्डन सर्वदीप सिंह को दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो मामले से पुलिस को अवगत कराया। जिस पर मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ा गया तो अभिषेक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। उसकी मौत के बारे में साथी छात्रों ने भी अनभिज्ञता जाहिर की। जिस पर मामले से परिजनों को अवगत कराया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही मामले के बारे में जानकारी ली जाएगी।
छात्र के कमरे का दरवाजा नहीं खोले जाने की सूचना मिली थी। दरवाजा तोड़ने पर छात्र का शव फंदे पर लटका मिला। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है। उसके परिजनों से बातचीत के बाद ही कारणों का पता लग सकेगा। वीरवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फुलकंवार, थाना प्रभारी, मुरथल।