युवक की हत्या मामले में दूसरा आरोपी भी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव बंदेपुर के पास बाइक सवार युवक को चाकू और सुएं से गोदकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी गांव बढ़मलिक के रहने वाले दीपक को गिरफ्तार किया है। दीपक अपने साथी गांव राठधना निवासी सागर पुत्र हरिपाल के साथ वारदात को अंजाम देने आया था। पुलिस सागर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने दीपक को अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला
विदित रहे कि गांव राठधना निवासी सागर (18) पुत्र धर्मबीर 20 फरवरी को अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार गांव से सोनीपत शहर की तरफ आ रहा था। जब वह बंदेपुर के पास सिंचाई विभाग के कार्यालय के पास पहुंचा तो इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने चाकू और सुएं से सागर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। उन्होंने सागर पर करीब 32 वार किए गए थे। पुलिस ने मामले में सागर के पिता धर्मबीर के बयान पर गांव के ही सागर पुत्र हरिपाल व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई बिजेंद्र सिंह की टीम ने आरोपी सागर पुत्र हरिपाल को गिरफ्तार कर लिया था। उससे वारदात में प्रयुक्त चाकू और बाइक को बरामद कर लिया था। उसने बताया था कि सागर के साथ उसका पहले भी कई बार झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया था।
अब मामले में एएसआई सुभाष की टीम ने दूसरे आरोपी दीपक को देवी लाल चौक सोनीपत के पास से गिरफ्तार किया है। उसे अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
बंदेपुर के पास युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी के साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
-वजीर सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।