अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर की रहने वाली एक महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसके जेठ ने उस पर तेजाब डालने की धमकी दी है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। शहर की रहने वाली एक महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2014 में जींद के गांव जामणी निवासी संदीप के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे कार की डिमांड को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। इसी बीच उसका जेठ रोहतक जेल से आया। तब उसे पता लगा कि उसके जेठ पर महिला के ऊपर तेजाब डालने का मामला था। जिसमें वह जेल में बंद था। उसके जेठ ने उसे धमकी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह उसका भी रोहतक वाली महिला जैसा हाल कर देगा। इतना ही नहीं ससुराल पक्ष के लोगों ने पेट दर्द होने पर उसका हिसार में एक आपरेशन भी करा दिया। बाद में उसे कहा गया कि वह कभी मां नहीं बन पाएगी। उसने बताया कि वह एक साल से अपने मायके में रह रही है। उसके मायके वालों ने ही उसका उपचार कराया है। पुलिस ने पति सहित छह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी उर्मिला ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को काबू किया जाएगा।
जेठ ने दी तेजाब डालने की धमकी
ससुराल पक्ष के लोगों ने किया प्रताड़ित