अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
राई थाना क्षेत्र की छात्रा के साथ गुरुग्राम में छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। राजीव गांधी एजुकेशन सिटी स्थित एक विवि की छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह 16 जून की रात को गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित मॉल में गई थी। रात को दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपी फरार हो गए। छात्रा ने वहां से वापस आने के बाद विवि में मामले की जानकारी दी। सोमवार देर शाम छात्राओं का एक प्रतिनिधिमंडल राई थाना में गया और छेड़छाड़ की शिकायत दी। राई थाना पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस युवकों का पता लगाने का जल्द प्रयास करेगी। इसके लिए मॉल में लगे सीसीटीवी की भी मदद ली जाएगी। पीड़िता के महिला होने के कारण गुरुग्राम का मामला होने के बावजूद राई थाना में केस दर्ज किया गया है।
छात्रा ने गुरुग्राम में उसके साथ अभद्र व्यवहार करने की शिकायत दी है। इस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ऋषिकांत, थाना प्रभारी, राई