अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर (सोनीपत)।
जीटी रोड पर चौखी ढाणी के निकट हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वैलर की गाड़ी, नकदी व आभूषण लूट लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने ज्वेलर्स व उसके सेल्समैन को गाड़ी में डाल लिया और बाद में समालखा के नेस्ले रोड पर उतार कर फरार हो गए। पीड़ित ने गन्नौर पहुंचकर मामले की शिकायत दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सोनीपत के एटलस रोड स्थित प्रेम नगर कॉलोनी निवासी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि उसकी सोनीपत सुभाष चौक पर निक्की ज्वेलरी हाउस के नाम से शोरूम है। त्योहार पर उसकी बुआ पूनम गुप्ता निवासी डालनवाला, देहरादून ने उससे आभूषण मंगवाए थे। वह रविवार को अपने सेल्समैन रवि के साथ सोने व हीरे के आभूषण लेकर फॉरच्यूनर गाड़ी में देहरादून के लिए निकला था। गाड़ी को चालक पंकज चला रहा था। जब वह गन्नौर जीटी रोड पर चौखी ढाणी के निकट पहुंचे तो उसके चालक ने अचानक गाड़ी के ब्रेक लगा दिए और गाड़ी को अनलॉक कर दिया।
गाड़ी रुकते ही वहां पहले से मौजूद स्विफ्ट गाड़ी सवार तीन हथियारबंद बदमाश उतरे और जबरदस्ती उनकी गाड़ी में सवार हो गए। बदमाशों ने सिद्धार्थ व सेल्समैन रवि के हाथ बांध दिए और उन्हें समालखा की तरफ ले गए। इस बीच बदमाशों ने सिद्धार्थ के गले से सोने की चैन, 10 हजार रुपये, फोन, आभूषण से भरा बैग व रवि की जेब से 4 हजार रुपये व फोन छीन लिए। लूटपाट के बाद बदमाश सिद्धार्थ व रवि को समालखा के नेस्ले रोड पर उतार कर गाड़ी व चालक सहित फरार हो गए। सिद्धार्थ का आरोप है कि लूटपाट की घटना में चालक भी शामिल है। पुलिस ने सिद्धार्थ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर गन्नौर थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। चार टीम गठित कर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।