अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। जीटी रोड पर मंगलवार देर रात गांव बड़ी स्थित मां काली मंदिर के निकट ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग दंपति को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग दंपति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दंपति अपनी बीमार पुत्रवधू का हालचाल जानने के लिए साइकिल पर सवार होकर बड़ी गांव जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच शवों को सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। यूपी के मुज्जफरनगर के सोहन्जनी निवासी निशु कुमार गांव बड़ी में रहकर मजदूरी करता है। जबकि उसके पिता ओमबीर, माता बाला और छोटा भाई आशू रोशनपुर में रहते हैं। मंगलवार को निशु अपने माता-पिता के पास आया हुआ था। लेकिन उसकी पत्नी की अचानक तबीयत खराब हो गई। निशु के माता-पिता एक साइकिल पर सवार होकर बीमार पुत्रवधू का हालचाल जानने के लिए गांव बड़ी के लिए निकले। जबकि निशु भी उनके पीछे-पीछे साइकिल पर चल रहा था। नीशू कुमार के अनुसार जीटी रोड पर मां काली मंदिर बड़ी के निकट रोड क्रॉस करते समय एक तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसके माता-पिता की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सडक़ पर गिर गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। निशु कुमार ने मामले की शिकायत जीटी रोड पुलिस चौकी में दी। चौकी प्रभारी रोहताश ने बताया कि मृतक के बेटे नीशू कुमार की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जल्द ही आरोपी ट्रक चालक का पता लगा कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।