अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। गांव सैदपुर के पास ट्रक की हल्की सी टक्कर लगने के बाद स्कार्पियो सवार युवकों ने हाथापाई कर 47 हजार रुपये की नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देकर युवक फरार हो गए। ट्रक चालक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है। यूपी के गौतमबुद्ध नगर स्थित गांव पिपलका निवासी विपिन ने बताया कि वह ट्रक चालक है। वह रविवार को अपने क्लीनर इकबाल के साथ लोनी बार्डर से डस्ट लाने के लिए चरखी दादरी जा रहा था। जब वह गांव सैदपुर के पास पहुंचे तो इसी दौरान उनके ट्रक की हल्की सी टक्कर एक स्कार्पियो को लग गई। जिसमें से चार युवक निकल कर आए और जबरन उसके ट्रक में चढ़ गए। युवकों ने उनसे हाथापाई करना शुरू कर दिया। उन्होंने उसे कहा कि उनकी गाड़ी में 500 रुपये से अधिक का खर्च आएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वह उनकी गाड़ी को ठीक करवा दे। कुछ आगे जाने के बाद युवकों ने चालक-क्लीनर को डरा-धमकाकर उनसे 47 हजार रुपये छीन लिए थे। वह बाद में अपनी स्कार्पियो में सवार होकर फरार हो गए। विपिन ने मामले की शिकायत सैदपुर चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। सैदपुर चौकी प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर स्कार्पियो सवार युवकों की तलाश शुरू कर दी है।