अमर उजाला ब्यूरो
राई। गांव चौहान जोशी के पास स्थित दावत राइस मिल से ट्रक में लाखों रुपये का चावल भरकर निकला चालक फरार हो गया। वह दिल्ली स्थित राइस मिल का चावल लेकर निकला था। दिल्ली राइस मिल के सहायक प्रबंधक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नेताजी सुभाष पैलेस स्थित रिषभ स्टार लोजेस्टिक प्राइवेट लिमिटेड के सहायक प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि उनकी कंपनी का ट्रक चालक चावल से भरा ट्रक लेकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि यूपी के जिला कुशी नगर के गांव खरदेव पिपरासी का रहने वाला कोमल चालक था। कोमल को उन्होंने 25 दिसंबर को चौहान जोशी स्थित दावत राइस मिल में भेजा था। वहां से वह शाम को साढ़े 20 किलो चावल के करीब साढ़े चार हजार पैकेट लेकर यूपी के नोएडा के लिए चला था। वह वहां से अचानक लापता हो गया। कोमल के फोन भी बंद आ रहे है। उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। फिर मामले से पुलिस को अवगत कराय। पुलिस ने मामले में अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर बहालगढ़ चौकी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।