कार की टक्कर से क्रेटा गाड़ी में सवार एक की मौत, पांच लोग गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
राई। केजीपी पर बीसवां के पास क्रेटा गाड़ी को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में क्रेटा सवार व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यूपी के जिला प्रतापगढ़ के गांव बनी निवासी धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ प्याऊ मनियारी स्थित पेपर मिल में रहते हैं। मंगलवार रात को करीब नौ बजे वह अपनी पत्नी सुनीता, बेटे लक्ष्य व सूर्य, बेटी कशिश, साले यूपी के गनहटी निवासी कमल व साले के दोस्त यूपी के जिला बागपत के गांव बड़ावद निवासी लोकेंद्र के साथ क्रेटा गाड़ी में अपने गांव जाने के लिए निकले थे। क्रेटा गाड़ी को धर्मेेंद्र चला रहा था। जब वह बीसवां मील के पास केजीपी पर पहुंचे तो इसी दौरान स्वीफ्ट कार चालक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। जिससे उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में लोकेंद्र और उसके परिवार के सदस्य बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से सामान्य अस्पताल में ले गया जहां लोकेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुनीता, लक्ष्य, सूर्या, कशिश व कमल को महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया गया। धर्मेंद्र ने सभी घायलों को बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने धर्मेंद्र के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।