ससुराल से लौट रहे युवक की मौत, साला और भाई घायल
-युवक की कार को गढ़ मिरकपुर के पास ट्रक ने मारी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
राई। गांव गढ़ मिकरपुर के पास एक युवक की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई और उसका साला व घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोनीपत की सुंदर सांवरी निवासी इरशाद ने राई पुलिस को बताया कि वह हलवाई का काम करता है। वह बुधवार देर रात अपने बड़े भाई इरफान की ससुराल यूपी के बागपत गए थे। वहां से वह रात को कार में वापस लौट रहे थे। उनके साथ उसके भाई का साला आमिर भी कार में सवार था। कार को इरफान चला रहा था। जब वह गढ़ मिरकपुर चौकी के पास पहुंचे तो एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। हादसे में उसके साथ ही उसके भाई व उसके साले को भी चोट लगी। तीनों को अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने इरफान को मृत घोषित कर दिया। आमिर को उपचार दिया जा रहा है वहीं इरशाद को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने इरशाद के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।