कार सवार तीन व्यक्ति उठाकर ले गए थे बच्ची को, पानीपत में मिली
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर की शिव कालोनी में घर से कलर लेने के लिए निकली आठ वर्ष की बच्ची को कार सवार तीन व्यक्ति कार में उठाकर ले गए थे। उन्होंने उसे पानीपत में उतार दिया था। वहां से बच्ची पैदल ही अपने घर उग्राखेड़ी पहुंच गई। यहां से उसके ननिहाल में सूचना दी गई। मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
विदित रहे कि शिव कालोनी में अपने ननिहाल में रह रही आठ साल की बच्ची रविवार को सुबह करीब आठ बजे अपने घर से कलर लेने के लिए निकली थी। उसके बाद लड़की गायब हो गई। परिजनों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था। इसी बीच रविवार देर शाम लड़की अपने गांव पानीपत के उग्राखेड़ी में पहुंच गई। यहां से परिजनों ने उसके ननिहाल में इसकी जानकारी दी। बच्ची ने परिजनों को बताया कि उसे कार सवार तीन लोगों ने कार में डाल लिया था। बाद में उसका मुंह व आंख बंद कर दी गई। उसके बाद कार सवार उसे पानीपत उतारकर फरार हो गए। वहां से वह पैदल ही अपने घर उग्राखेड़ी चली गई। इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी है। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि बच्ची अभी घबराई हुई है। उसने परिजनों को कार सवारों द्वारा ले जाने की बात कही है। हालांकि पूरी सच्चाई का पता जांच करने के बाद ही लग सकेगा।