अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। फरमाणा चौकी पुलिस ने गबन के आरोपी गांव गोरड़ के पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व सरपंच को पुलिस ने अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। अब पुलिस गबन की राशि बरामद करने के साथ ही आरोपी ग्राम सचिव के बारे में पूछताछ करेगी।
वर्ष 2017 में एसडीएम की जांच में सामने आया था कि गोरड़ गांव के पूर्व सरपंच अर्जुन सिंह ने ग्राम सचिव जगबीर के साथ मिलकर पैसों का गबन किया। जांच में सामने आया था कि गोरड़ गांव के पूर्व सरपंच अर्जुन सिंह व पूर्व ग्राम सचिव जगबीर ने मिलकर गांव पंचायत के रिकार्ड को न केवल जला दिया बल्कि गलत तरीके से बैंक से करीब साढ़े दस लाख रुपये की राशि भी निकाल ली। जिसका कोई हिसाब नहीं दिया गया है। पूर्व सरपंच को जब उसका कार्यकाल पूरा होने के बाद पंचायत का रिकार्ड बीडीपीओ कार्यालय में जमा करवाने को कहा गया था उनके द्वारा रिकार्ड जमा नहीं करवाया जा रहा था। ऐसे में एसडीएम की तरफ से सर्च वारंट जारी करवाया गया। इसके बाद भी रिकार्ड नहीं मिलने पर पूर्व सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की बात कही गई थी, जिस पर 5 नवंबर 2015 को पूर्व सरपंच ने बताया था कि वह पंचायत रिकार्ड को बीडीपीओ कार्यालय में जमा करवाने के लिए आ रहा था। बाद में उसने बताय था कि उसकी कार में आग लग गई व उसमें रखा पंचायत का रिकार्ड भी जल गया। जिस पर एसडीएम ने मामला दर्ज कराने के आदेश दिए। जिसके बाद खरखौदा बीडीपीओ मनीष मलिक की शिकायत पर 26 अप्रैल 2017 को खरखौदा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब पुलिस ने आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है।
वर्जन
पूर्व सरपंच को धोखाधड़ी व गबन के आरोप में गांव फरमाणा से काबू किया गया है। सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद एक दिन के रिमांड पर लिया गया, ताकि मामले से जुड़े सबूत जुटाने के साथ ही गबन की गई राशि की रिकवरी की जा सके।
-रणबीर सिंह, प्रभारी, फरमाणा चौकी।