सोनीपत। वाहनों पर अवैध रूप से लाल, नीली बत्ती व हूटर लगाने वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस ने शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी। 11 मार्च से पुलिस की ओर से अभियान चलाया जाएगा। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं ट्रैफिक) मनबीर सिंह ने बताया कि आए दिन हाईवे या शहर में गाड़ी मालिकों/सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों की ओर से अवैध रूप से लाल/नीली बत्ती व हूटर के प्रयोग की शिकायतें प्राप्त हो रही है। अब सोनीपत पुलिस इसपर पूर्णत: विराम लगाएगी। अगर कोई भी सरकारी अधिकारी अथवा कर्मचारी या कोई आम जन मानस ऐसी लाइटों का प्रयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन का चालन कर उसपर भारी जुर्माना लगाया जाएगा या उसे जब्त किया जाएगा। इन लाइटों के प्रयोग को लेकर पहले ही केंद्र सरकार की ओर से गाइडलाइन जारी कर रखी है।