फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: सीपीडब्ल्यूडी के अनुबंध कर्मी की सिर और सीने में गोली मारकर हत्या, बहनोई के भाई पर आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
गन्नौर, सोनीपत। गांव राजपुर में घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में सो रहे दिल्ली सीपीडब्ल्यूडी के अनुबंध कर्मी की रात को सिर और सीने में गोलियां मारकर हत्या कर दी। सुबह जब वह आठ बजे परिजन उन्हें उठाने पहुंचे तो गोली मारने का पता चला। मामले की सूचना बड़ी औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस को दी गई है। परिजनों ने हत्या का आरोप युवक के बहनोई के भाई पर लगाया है। आरोप है कि उनके बहनोई ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके लिए बहन का देवर अपनी भाभी व उसके मायके वालों का दोषी मानता था। उसने उन्हें मारने की धमकी भी दे रखी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन

गांव राजपुर निवासी रवित ने बड़ी औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई रोहित (25) दिल्ली केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) में अनुबंध पर बेलदार थे। वह रात साढ़े नौ बजे घर आए थे। उसके बाद वह पहली मंजिल पर बने कमरे में जाकर सो गए। वह अक्सर सुबह उठकर नीचे आ जाते थे, लेकिन शनिवार सुबह आठ बजे तक नीचे नहीं आए तो उनकी बहन मोनिका उन्हें उठाने के लिए छत पर पहुंची। उसने कमरे में जाकर देखा तो रोहित बेड पर बेसुध पड़ा था। उसके सीने के पास खून बह रहा था। उसकी बहन ने शोर मचा दिया, जिस पर परिजन कमरे में आए तो उन्होंने देखा कि उसके भाई के सीने पर बाई तरफ गोली लगी थी और सिर में भी गोली मारी गई थी। वहां पर एक खोल भी पड़ा था। जिस पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बड़ी औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी संदीप कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। वहीं एसीपी आत्माराम भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। रवित ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या उनके बहनोई के भाई ने अपने साथियों संग मिलकर की है। पुलिस ने इस संबंध में बहनोई के भाई रोहतक के गांव रुड़की निवासी प्रवीन व अन्य पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
छह माह पहले बहनोई ने की थी आत्महत्या, उसके भाई ने दी थी धमकी रवित ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन मोनिका की शादी 12 साल पहले रोहतक के गांव रुड़की निवासी प्रदीप के साथ हुई थी। प्रदीप दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में मुख्य सिपाही थे। वह जनकपुरी जोन में कार्यरत थे। उनके बहनोई ने नवंबर, 2022 में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। प्रदीप का भाई प्रवीन इसके लिए उनकी बहन मोनिका व उनके परिवार वालों को दोषी मानता था। उनकी बहन का देवर प्रवीन मोनिका को ताने मारता था और उनसे रंजिश रखता था। प्रवीन ने धमकी भी दी थी कि जिस जगह पर उसके भाई प्रदीप को गोली लगी थी, उसी जगह पर उसके भाई को भी गोली लगेगी। रवित का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते प्रवीन ने अपने साथियों के साथ मिल कर उसके भाई के सीने व सिर में गोली मार कर हत्या की है।
विज्ञापन

चार बहन-भाइयों में सबसे छोटा था रोहित
रवित ने बताया कि उनका भाई रोहित चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी और उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है और उनका भाई रोहित अभी अविवाहित था। घटना से बाद से परिवार का रोकर बुरा हाल है। उनकी बहन मोनिका फिलहाल मायके में थी।

सोनीपत में लगातार सामने आ रहे हत्या के मामले
सोनीपत में हत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कहीं परिवार की रंजिश हत्या का कारण बन रही है तो कहीं गैंगवार में जान ली जा रही है।

-13 अप्रैल को भठगांव के खेत में राजमिस्त्री की हत्या।
-10 अप्रैल को गांव मेहंदीपुर में हिस्ट्रीशीटर की गोलियां मारकर हत्या।
-9 अप्रैल को गांव कुराड़ में युवक को मारी गोली, 11 को मौत के बाद हत्या का मुकदमा।
-8 अप्रैल को गांव गोपालपुर में व्यक्ति ने पत्नी व बेटे की हत्या की।
-3 अप्रैल को गांव किशोरा में गैंगवार की रंजिश में युवक की गोलियां मारकर हत्या की।
-29 मार्च को गांव कामी में ट्रैक्टर चालक की हत्या।
-8 मार्च को सिटी थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक के बेटे की हत्या।
-6 मार्च को गांव लाठ में पति की हत्या की।
-4 मार्च को दूभेटा में हुई बुजुर्ग की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
-3 मार्च को कंवाली के युवक की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
-3 मार्च को गांव बड़ौली में बुजुर्ग की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ।
-2 मार्च को महलाना के पास युवक की हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।

गांव राजपुर में युवक की दो गोली मारकर हत्या की गई है। मामले में मृतक के भाई ने अपनी बहन के देवर व अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में बड़ी थाना के साथ ही सीआईए की टीम बनाई गई है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
विज्ञापन

आत्माराम, एसीपी गन्नौर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें