पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभालते ही पुलिस कमिश्नर (सीपी) बी सतीश बालन अपने चिर परिचित अंदाज में नजर आए। उन्होंने सुबह ही नेशनल हाईवे के थानों का निरीक्षण किया। उसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया।
उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश के साथ लोगों सौहार्दपूर्ण माहौल बनाना उनकी प्राथमिकता है। उधर, आईपीएस निकिता खट्टर और मयंक गुप्ता को डीसीपी नियुक्त कर दिया गया है। जिले के सभी छह डीएसपी को अब एसीपी बना दिया है। सोनीपत के पहले पुलिस कमिश्नर बनाए गए आईजी बी सतीश बालन ने रविवार रात को कार्यभार ग्रहण कर लिया था। वह सोमवार सुबह ही एक्शन मोड़ में नजर आए। वह नौ बजे अचानक राई क्षेत्र में बनाए गए नए थाना भवन को देखने पहुंचे। राई थाने का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने नेशनल हाईवे-44 पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। बहालगढ़ और मुरथल थाने को बाहर से देखा, वहां पर पुलिसकर्मी सतर्क दिखे। उसके बाद वह गन्नौर जा पहुंचे। वहां पर पांच मिनट थाने में रुके। थाने की औपचारिक जानकारी लेने के बाद मिनी सचिवालय पहुंचे। वहां पर सलामी लेने के बाद कार्यालय में आईपीएस निकिता खट्टर और मयंक गुप्ता के साथ ही सभी छह एसीपी के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से उनके क्षेत्र व थानों के बारे में औपचारिक जानकारी ली। वहां के अपराध और कानून व्यवस्था के बारे में पूछा। इसके साथ ही पुलिस को सक्रिय कर अपनी कार्यशैली से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि कार्यालय में बैठकर कानून व्यवस्था नहीं संभाली जा सकती है। पुलिस सड़कों पर नजर आनी चाहिए। जब ऐसा किया जाएगा तभी अपराधी नजर नहीं आएंगे। भ्रष्टाचार और अपराधियों पर रहमदिली किसी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। महिला अपराध और गैंगस्टर पर ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा मैं स्वयं निरीक्षण करूंगा, जहां पर लापरवाही मिलेगी, कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर के साथ नेशनल हाईवे का ट्रैफिक सुधारने पहली प्राथमिकता
पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सोनीपत शहर व नेशनल हाईवे-44 के ट्रैफिक को व्यवस्थित करना है। शहर में लोगों को जाम की परेशानी नहीं रहने दी जाएगी। इसके साथ ही एनएच-44 के जाम को भी समाप्त कराया जाएगा। साथ ही बदमाशों से सख्ती से निपटा जाएगा। जिले के बदमाश आसपास के जिलों व दिल्ली और यूपी में भी सक्रिय है। उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इसके लिए आमजन की मदद ली जाएगी। सोनीपत नया पुलिस कमिश्नरी बना है। यहां पूरा आधारभूत ढांचा स्थापित किया जाएगा।
दो डीसीपी और छह एसीपी नियुक्त किए गए
आईपीएस निकिता खट्टर और मयंक गुप्ता को सोनीपत में डीसीपी के पद पर नियुक्त कर दिया गया है। निकिता खट्टर को डीसीपी मुख्यालय, डीसीपी पूर्व, डीसीपी यातायात और क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डीसीपी मयंक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट वेस्ट और गोहाना की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही डीएसपी विपिन कादियान, सतीश गौतम, वीरेंद्र सिंह, जीत सिंह, आत्माराम और रमेश सिंह को एसीपी बना दिया गया गया है।