खरखौदा में नोटिस लगाते स्वास्थ्य विभाग के कर्मी
- फोटो : Sonipat
खरखौदा/सोनीपत। दिल्ली के एक हॉस्पिटल में स्टाफ नर्स के कोरोना संक्रमित होने के बाद दिल्ली प्रशासन ने उसके संपर्क में आने वाले 9 लोगों के बारे में प्रशासन को सूचना भेजी है। जिससे पता चला कि उस हॉस्पिटल में खरखौदा की एक एएनएम भी ड्यूटी कर रही है। वह एएनएम उन 9 लोगों में शामिल हैं जो संक्रमित स्टाफ नर्स के संपर्क में रही है। जिसके बाद नोडल अधिकारी डॉ. नितिन फलस्वाल खरखौदा के वार्ड 7 ब्राह्मण मोहल्ले में पहुंचे और एएनएम को परिवार के सदस्यों सहित होम क्वारंटीन किया। एएनएम ने कहा कि स्टाफ नर्स के संक्रमित होने के बाद वह अपने स्वास्थ्य की जांच करवा चुकी है, उन्हें कोई परेशानी नहीं है। जिस पर नोडल अधिकारी ने कहा कि प्रशासन की ओर से आदेश हुए हैं कि आपको होम क्वारंटीन किया जाए। वहीं सोनीपत में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली कि कच्चे क्वार्टर में एक महिला की तबीयत खराब है। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस को साथ लेकर वहां पहुंची और महिला को अपने साथ अस्पताल में लेकर चली गई। उस महिला की जांच कराई जाएगी, जिससे पूरी स्थिति साफ हो सके।