सोनीपत रेलवे स्टेशन पर बंद पड़ी सहयोग खिड़की (पूछताछ केंद्र)। संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए यात्रियों को इधर-उधर न भागना पड़े, इसके लिए पूछताछ केंद्र को बुकिंग काउंटर में मर्ज किया गया था। जिसके लिए अलग से खिड़की तैयार कर उसे सहयोग खिड़की का नाम दिया गया है, ताकि ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री बुकिंग काउंटर पर टिकट लेने के साथ ही ट्रेनों की जानकारी भी हासिल कर सकें। उधर, सहयोग खिड़की बंद रहने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सहयोग खिड़की बंद रहने से यात्रियों को जानकारी कैसे मिलेगी।
दैनिक यात्री अमित कुमार, दीनू चौधरी, नवजीत व नितिन कुमार ने बताया कि सोनीपत रेलवे स्टेशन पर अक्सर सहयोग खिड़की (पूछताछ केंद्र) बंद रहती है। जिससे यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर अप-डाउन में करीब 23 ट्रेनों का ठहराव है। यहां से रोजाना करीब 40 हजार यात्री अंबाला-दिल्ली रूट पर आवागमन करते हैं। ऐसे में सहयोग खिड़की बंद रहने से यात्री परेशान हैं। दैनिक यात्रियों ने कहा कि रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए और विभाग में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए पूछताछ केंद्र को बुकिंग काउंटर में मर्ज किया था। जिससे यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए पूछताछ केंद्र का रूख नहीं करना पड़े। यात्रियों को टिकट के साथ एक ही जगह ट्रेनों की जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके, लेकिन इस व्यवस्था के लागू होने के बाद यात्रियों को फायदा नहीं मिल रहा है।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए ही सहयोग खिड़की (पूछताछ केंद्र) बनाई गई है। खिड़की खुली रहती है, अगर उसके बावजूद कर्मी के आसपास जाने के दौरान उसे बंद किया गया होगा तो उसे लगातार खोलने के निर्देश दिए जाएंगे। यात्रियों को परेशानी नहीं होने दिया जाएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
सुनील कुमार, स्टेशन अधीक्षक, सोनीपत