खरखौदा। झरोठ निवासी युवक ने पिता के गुम होने की शिकायत पुलिस को देते हुए ठेकेदार पर आरोप लगाया है कि उसने पिता के साथ मारपीट की और उनको छिपा दिया। गांव झरोठ निवासी हरिओम ने बताया कि उनके पिता रामधारी खरखौदा आईएमटी में एक ठेकेदार के पास काम करते थे। सोमवार को वह ड्यूटी पर गए थे। बाद में उन्होंने फोन कर बताया कि ठेकेदार कमल और विकास ने उनकी पिटाई की है। हरिओम के मुताबिक उसने मामले की सूचना पुलिस को देने के बाद फिर से अपने पिता के पास फोन किया तो उनका मोबाइल बंद मिला। वह इसके बाद अपने पिता को देखने के लिए आईएमटी में भी गया, लेकिन आईएमटी में उसके पिता के बारे में पता नहीं चल पाया। हरिओम का कहना है कि ठेकेदार कमल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके पिता की पिटाई करने के बाद उन्हें कहीं पर छुपा दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।