सोनीपत। बस अड्डे की दीवार के साथ गुजर रही ड्रेन नंबर-6 रोडवेज अधिकारियों व यात्रियों के लिए नासूर बनी हुई है। ड्रेन के ओवरफ्लो होने से दूषित पानी बस अड्डे में भर रहा है, जिससे रोडवेज अधिकारियों, कर्मचारियों व यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ड्रेन ओवरफ्लो होने के कारण दो दिन से बस अड्डे में दूषित पानी भरा हुआ है। बस चालक को यात्रियों को बाहर ही उतारना पड़ रहा है। रोडवेज अधिकारियों ने नगर निगम अधिकारियों से समस्या के समाधान के लिए कई बार पत्र व्यवहार किया है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा।
सोनीपत बस अड्डे का पानी एक पाइप के माध्यम से बस अड्डे की दीवार से सटकर गुजर रही ड्रेन नंबर- 6 में गिरता है। दो दिनों से सोनीपत बस अड्डे के पास ड्रेन ओवरफ्लो होने के कारण ड्रेन का ही दूषित पानी बस अड्डे परिसर में घुस गया है। दूषित पानी सोनीपत बस अड्डे की वर्कशॉप के गेट तक पहुंच गया है। जिससे बस अड्डे परिसर मे पहुंचने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वर्कशॉप में जाने वाले कर्मचारियों को भी दूषित पानी के बीच से होकर ही गुजरना पड़ रहा है। यही नहीं दूषित पानी खानपुर, गन्नौर रूट तक के बूथ तक जमा है, जिससे बस अड्डे पर बसों में सवार यात्रियों को बसों में चढ़ने व उतरने में परेशानी हो रही है। रोडवेज कर्मचारियों व यात्रियों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
ड्रेन-6 को पक्का करने का काम बन रहा बाधा
ड्रेन नंबर-6 को पक्का करने का काम चल रहा है। ड्रेन पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते ही सिक्का काॅलोनी के पास ड्रेन का रूट डायवर्ट किया गया है। यही कारण है कि ड्रेन ओवरफ्लो हो गई है, जिस कारण पानी बस अड्डा परिसर में घुस रहा है। जब तक ड्रेन का लेवल नीचे नहीं जाएगा, तब तक दूषित पानी की निकासी नहीं हो सकती।
वर्जन
ड्रेन-6 के ओवरफ्लो होते ही दूषित पानी बस अड्डे में घुस जाता है, जिससे यात्रियों व कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ती है। नगर निगम के अधिकारियों के साथ समस्या के स्थायी समाधान को लेकर कई बार पत्र व्यवहार किया है। अब तक समाधान नहीं हुआ है। बस अड्डे में भरे दूषित पानी को पंप लगाकर निकाला जाएगा।
राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, सोनीपत
फोटो 18- गंदा नाला ओवरफ्लो होने से सोनीपत के बस अड्डे में भरा दूषित पानी। संवाद
फोटो 18- गंदा नाला ओवरफ्लो होने से सोनीपत के बस अड्डे में भरा दूषित पानी। संवाद