गन्नौर। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआई डिस्पेंसरी के भवन का निर्माण नक्शे के अभाव में अटक गया है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की ओर से मई 2024 में डिस्पेंसरी भवन के निर्माण के लिए टेंडर अलॉट किया गया था, लेकिन हरियाणा राज्य औद्योगिक बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के मुख्यालय से नक्शा न मिलने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।
ठेकेदार निर्माण कार्य शुरू करने के लिए नक्शे का इंतजार कर रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआई डिस्पेंसरी के निर्माण पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कई वर्ष पहले ईएसआई डिस्पेंसरी की शुरुआत की गई थी। अस्थायी रूप से पांच कमरों के भवन में ईएसआई डिस्पेंसरी चल रही है। एचएसआईआईडीसी की ओर से बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआई का भवन बनाने के लिए वर्ष 2014 में जमीन आवंटित कर दी गई थी, लेकिन लंबा समय बीत जाने व नक्शा न मिलने के कारण डिस्पेंसरी के भवन का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में यहां कार्यरत कामगारों में रोष है। हालांकि बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में डिस्पेंसरी का निर्माण होने से करीब 8 हजार ईएसआई कार्ड धारकों सहित 12 हजार कार्यरत श्रमिकों को लाभ मिल सकता है।
तैयार किया जाना है दो मंजिला भवन
डिस्पेंसरी भवन का निर्माण करने वाले ठेकेदार मनोज खत्री ने बताया कि उनकी कंपनी को निर्माण कार्य के लिए टेंडर अलॉट किया गया था। 3 करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला भवन तैयार किया जाना है, लेकिन नक्शा नहीं मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है। अधिकारियों का कहना है कि फाइल को पंचकूला मुख्यालय भेजा गया है। वहां से जल्द नक्शा भजने का आश्वासन दिया जा रहा है।
वर्जन
डिस्पेंसरी के नए भवन का निर्माण होने के बाद सुविधाएं बढ़ जाएंगी। फिलहाल जहां ईएसआई डिस्पेंसरी का संचालन किया जा रहा है। यहां पूरी व्यवस्था नहीं है।-डॉ. अमित जिंदल, चिकित्सक ईएसआई डिस्पेंसरी, बड़ी।