फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat: जहरीली शराब पीने से चार की मौत, चार की हालत बिगड़ी, पानीपत के बुडशाम में पी थी शराब

Tue, 22 Nov 2022 02:58 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत/पानीपत

सार

जान गंवाने वाले जीजा व साले समेत चार ने पानीपत के बुडशाम में शराब पी थी। शुगर मिल के सफाई कर्मी पानीपत से शीतल पेय की बोतल में शराब लेकर आए थे। पानीपत में शराब पीने के बाद गांव शामड़ी के सुनील और अजय ने अपने साथियों सुरेंद्र, अनिल उर्फ बंटी, संजय व उमेद को भी शराब पिलाई थी।
विज्ञापन
सोनीपत में शराब पीने से चार लोगों की मौत - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सोनीपत में गोहाना के गांव शामड़ी के तीन ग्रामीणों समेत चार लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हो गई और चार अन्य की हालत बिगड़ गई। जिनमें से एक को रोहतक के निजी अस्पताल, दो को महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर व एक को पानीपत में उपचार दिया जा रहा है। जान गंवाने वाले तीनों मृतक गांव शामड़ी में एक ही परिवार के हैं और चौथे उनके रिश्तेदार पानीपत के गांव बुडशाम के रहने वाले हैं।

विज्ञापन


उनकी मौत पानीपत में ही हुई है। घटना का पता लगने पर सदर गोहाना थाना पुलिस ने तीन शवों को कब्जे में लेकर खानपुर व रोहतक पीजीआई में उनका पोस्टमार्टम कराया। पानीपत में मौत का शिकार हुए उनके रिश्तेदार का एक दिन पहले परिजन अंतिम संस्कार कर चुके है। मामले में पुलिस ने गंभीर हालत के चलते रोहतक में उपचार करा रहे युवक के बयान पर अज्ञात के खिलाफ जहरीली शराब बेचकर गैर इरादतन हत्या करने, धोखाधड़ी, साजिश और अवैध शराब अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शराब पानीपत से लाई गई थी, जिसके बारे में पता लगाया जा रहा है। 



गांव शामड़ी निवासी अनिल उर्फ बंटी ने सदर थाना पुलिस का बताया कि वह रंग-रोगन का काम करते हैं। उनके गांव का अजय (28) व सुनील (32) पानीपत शुगर मिल में सफाई कर्मी थे। उनके साथ अजय की चचेरी बहन के पति पानीपत के बुडशाम निवासी अनिल भी काम करते थे। बंटी ने बताया कि वह 20 नवंबर की शाम को वह तथा गांव के नवनिर्वाचित सरपंच सुनील कुमार का भाई सुरेंद्र गांव के अड्डे पर टीनू की दुकान में बैठे थे।
विज्ञापन


इसी दौरान अजय व उसका साथी कर्मी सुनील दुकान पर पहुंचे। वह शीतल पेय की बोतल लिये थे। उन्होंने कहा कि इसमें बिना बदबू (महक) की शराब है। जिसे पीने से किसी को पता नहीं लगेगा। यह शराब वह पानीपत से लेकर आए हैं। जिस पर उसने व सुरेंद्र ने भी दो-दो गिलास शराब पी ली।

अजय व सुनील पहले से ही शराब पीकर आए थे। उसके बाद वे घर आ गया। सोमवार शाम को उसका दोस्त जॉनी उसके पास आया और कहने लगा कि अजय व सुनील जो शराब लेकर आए थे उसे पीने से उनके साथ सुरेंद्र की तबियत बिगड़ गई है। तब उसने बताया कि उसकी तबियत भी खराब है।

जिस पर उसका दोस्त उसे लेकर खानपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचा। वहां पर पता लगा कि पहले ही अजय को उसकी पत्नी ने खानपुर में दाखिल करा रखा है। वहीं सुनील व सुरेंद्र को भी खानपुर में भर्ती कराया था। उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। वह अपना उपचार कराकर वहां से वापस आ गया। देर रात उपचार के दौरान अजय की खानपुर अस्पताल में व सुरेंद्र और सुनील की पीजीआई रोहतक में मौत हो गई।

बंटी ने बताया कि सुबह उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। परिजन उसे खानपुर लेकर पहुंचे, जहां से उसे रोहतक भेज दिया गया। रोहतक पीजीआई में बेहतर उपचार नहीं मिलता देख परिजनों ने उसे रोहतक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उसे पता लगा कि अजय के जीजा बुडशाम निवासी अनिल की सोमवार तड़के उनके गांव में मौत हो गई थी। जिसका परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था।

वहीं उनके भाई नरेंद्र को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। नरेंद्र ने रविवार शाम को बुडशाम में अपने भाई अनिल व उनके गांव के सुनील और अजय के साथ जहरीली शराब पी थी। बंटी का कहना है कि उसे अजय ने बताया था कि शराब वह पानीपत से लेकर आया है। उसने बताया कि शराब जहरीली थी। पुलिस ने मामले में बंटी के बयान पर फिलहाल अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने अजय के शव का खानपुर व सुरेंद्र और सुनील के शव का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में कराया गया है। पुलिस ने अजय के घर से शीतल पेय की बोतल को बरामद किया है। जिसमें बरामद सफेद रंग की शराब को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। साथ ही शवों का विसरा भी जांच को भेजा जाएगा। जिससे मौत के असल कारणों का पता लग सके।

पुलिस मामले में जहरीली शराब के साथ ही कच्ची शराब होने व स्प्रिट होने के पहलू से भी जांच कर रही है। वहीं एक ही परिवार के तीन लोगों के साथ उनके रिश्तेदार की मौत से शामड़ी में मातम पसरा हुआ है। उधर, घटना के बाद एसडीएम गोहाना आशीष वशिष्ठ, डीएसपी मुकेश जाखड़ महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर पहुंचे।

उनके साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निदेशक डॉ. राजीव महेंद्रू भी थे। वहां उन्होंने परिजनों के साथ ही जहरीली शराब पीने के बाद भर्ती संजय व उमेद से बातचीत की। हालांकि शराब कहां से आई इसके बारे में दोनों ने अनभिज्ञता जाहिर की। 

पानीपत से शीतल पेय की बोतल में लेकर आई शराब पीने से चार लोगों की मौत हुई है। जिसमें तीन की मौत खानपुर और रोहतक पीजीआई में हुई है। शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। विसरा रिपोर्ट व एक मृतक के घर से बरामद बोतल में मिली शराब की जांच कराई जाएगी। जिससे सच्चाई सामने आ सकेगी। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।  - मुकेश जाखड़, डीएसपी गोहाना

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें