सोनीपत। जनसमस्याओं का समाधान करने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पर लगाए गए समाधान शिविर में उम्मीद लेकर पहुंचे कई फरियादियों को निराशा मिली है। शिविर से समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे फरियादियों ने समाधान शिविर में सुनवाई को औपचारिकता बताया है। हालांकि कुछ ने कहा कि उनकी समस्याएं सुन उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में समाधान के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश सरकार ने लोकसभा चुनाव के नतीजों से सबक लेते हुए जन समस्याओं के समाधान को लेकर ठोस कदम उठाने का फैसला किया है। इसके तहत उपायुक्त व पुलिस प्रमुख को निर्देश दिए हैं कि वह प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह 9 से 11 बजे तक समाधान शिविर लगाएंगे और जन समस्याएं सुनते हुए उनका समाधान करेंगे। मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पर समाधान शिविर लगाया गया। इसमें उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। शिविर में खासी उम्मीदें लेकर पहुंचे कुछ फरियादियों ने समस्या का ठोस समाधान नहीं होने पर शिविर को औपचारिकता बताया।