सोनीपत। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत भारत निर्वाचन आयोग के सी-विजिल एप पर दर्ज की जा सकती है। इस एप पर शिकायत के बाद 100 मिनट में कार्रवाई होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि अगर आमजन को चुनाव में कहीं शराब या धन बांटने की जानकारी मिलती है, कोई फेक या पेड न्यूज दिखाई दे, मतदाताओं को प्रलोभन के लिए निशुल्क उपहारों का वितरण, डराना-धमकाना, सार्वजनिक प्रॉपर्टी पर विज्ञापन से संबंधित शिकायत हो तो सी-विजिल एप पर शिकायत कर सकते हैं। आमजन को सिर्फ एक फोटो या वीडियो बना कर चुनाव आयोग के सी-विजिल एप पर अपलोड करनी है। निर्वाचन विभाग तुरंत हरकत में आएगा और शिकायत मिलने के महज 100 मिनट के अंदर उस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिकायतकर्ता के चाहने पर उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा। शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका टोल फ्री नंबर 1950 है। इस नंबर पर आमजन अपनी शिकायत कर सकते हैं। यह सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वह बिना किसी डर, भय एवं प्रलोभन के अपने मत का प्रयोग करें और लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में हिस्सा लें।