गोहाना। रोहतक रोड स्थित ड्रेन नं. 8 के पास बाइक की टक्कर से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्रेन नंबर-8 के पास रहने वाले विनोद ने बताया कि उनका बेटा कुनाश (11) ड्रेन के पास रोहतक रोड की तरफ गया था। वह पैदल घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दिया। बाइक गांव खानपुर कलां निवासी मनीष चला रहा था। हादसे में दोनों घायल हो गए। उनको बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल काॅलेज के अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान कुनाश की मौत हो गई। मनीष का इलाज चल रहा है। पुलिस ने अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।