फोटो 26: गांव असावरपुर स्थित राशन डिपो पर जांच करते मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य आपूर्ति विभाग
सोनीपत। राशन वितरण में गड़बड़ी की सूचना के बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने सोमवार को गांव असावरपुर स्थित डिपो पर छापा मारा। डिपो पर जांच में दो क्विंटल गेहूं ज्यादा मिला है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने संबंधित राशन डिपो मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी जाएगी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सूचना मिली थी कि असावरपुर के डिपो से राशन वितरण में गड़बड़ी है। डिपो संचालक के पास बहालगढ़ के साथ ही असावरपुर राशन डिपो का भी कार्यभार है। जिस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता से एसआई सुनील तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से निरीक्षक अजय मलिक की टीम बनाई गई। टीम ने गांव में छापा मार कार्रवाई की। निरीक्षण में स्टॉक की गड़बड़ी मिली। डिपो पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गेहूं किया जाता है। ऑनलाइन स्टॉक के अनुसार राजेंद्र के डिपो पर 6 क्विंटल 72 किलोग्राम गेहूं होना चाहिए था। जांच में वहां पर 8 क्विंटल 72 किलोग्राम गेहूं मिला। चीनी की मात्रा स्टॉक व ऑनलाइन मशीन में बराबर मिली। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने जांच की तो सामने आया कि डिपोधारक ने 40 उपभोक्ताओं को राशन देने के लिए उनके अंगूठे बायोमीट्रिक मशीन पर लगवा लिए थे, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया गया था। उपभोक्ताओं के नाम की सिर्फ पर्ची बनाई गई थी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने स्टॉक को कब्जे लेकर दूसरे डिपो पर स्थानांतरण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राशन डिपो पर रिकॉर्ड की जांच के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी मुहिम के तहत सोमवार को असावरपुर स्थित राशन डिपो पर सर्वे किया गया है। जहां खामियां मिली हैं। इस संबंध में पूर्ण जांच के बाद डिपो धारक पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। -अजय मलिक, सब इंस्पेक्टर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग
फोटो 26: गांव असावरपुर स्थित राशन डिपो पर जांच करते मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य आपूर्ति विभाग