खरखौदा(सोनीपत)। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सोमवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने छापा मारा। टीम ने इस दौरान संस्थान का हर प्रकार का रिकॉर्ड खंगाला। रिकाॅर्ड को जांचते हुए टीम जांच रिपोर्ट तैयार कर अपने साथ ले गई। इसे प्रदेश सरकार की ओर से भेजे गए बजट के साथ मिलान कराया जाएगा।
इंस्पेक्टर सुनील बाल्याण के नेतृत्व में सोमवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने मटिंडू मार्ग पर स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में छापा मारा। शिक्षकों और अन्य स्टाफ सदस्यों की हाजिरी ली गई। इसमें टीम ने पाया कि संस्थान में 85 पद स्वीकृत हैं। इसमें से 20 पद खाली हैं। 25 स्टाफ सदस्य बाहर गए हुए मिले। जबकि 3 कर्मचारी गैर हाजिर मिले। कार्रवाई के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से संस्थान में भेजे गए चार करोड़ 90 लाख 218 रुपये में से खर्च हुए 4 करोड़ 35 लाख 50 हजार 101 रुपये के रिकाॅर्ड की भी टीम ने जांच की।
वहीं संस्थान में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब मिली छात्रवृत्ति का रिकाॅर्ड भी की जांच की। टीम की तरफ से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के रिकाॅर्ड को खंगालने के बाद अपनी जांच रिपाेर्ट को तैयार किया गया है। टीम मुख्यालय के रिकाॅर्ड से मिलान करेगी। इस दौरान टीम को संस्थान में लगे दो सीसीटीवी बंद मिले। वहीं संस्थान प्राचार्य संदीप अहलावत का कहना है कि जांच के दौरान जो रिकाॅर्ड उनसे मांगा गया उसे पेश किया है। उनकी तरफ से सारा रिकाॅर्ड दुरुस्त है। इस दौरान इंस्पेक्टर श्रवण कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।