गन्नौर। गांव पांची जाटान निवासी किसान से विदेश में नौकरी दिलवाने के नाम पर दो लोगों ने 15 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना गन्नौर पुलिस को दी है।
पांची जाटान निवासी संदीप ने बताया कि वह खेती करता है। उनकी मुलाकात करनाल निवासी साहिल से हुई। उसने बताया कि उनके दोस्त बलजिंद्र विदेश में नौकरी लगवा देगा। अक्तूबर, 2022 में पढ़ाई के नाम पर यूके भेजने की बात हुई। जिसके बाद 9 अक्तूबर, 2022 को उसने 4 लाख 60 हजार रुपये साहिल के खाते में आरटीजीएस किए। उसके बाद 11 नवंबर, 2022 को साहिल के मोबाइल नंबर पर 40 हजार गूगल पे और 11 नवंबर, 2022 को बलजिंद्र के खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए। 3 अप्रैल 2023 को उन्होंने रूस का टिकट भेज दिया, लेकिन अब तक उन्हें कहीं नहीं भेजा गया। अब वह साहिल और बलजिंद्र से पैसे वापस मांग रहा है तो उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।