संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई हड़प रहे हैं। सोनीपत में फर्जी मालिक बनकर फैक्टरी का मलबा बेचने के नाम पर दो ठेकेदारों से ठगी कर ली गई। दिल्ली व उत्तर प्रदेश के दो ठेकेदारों को झांसे में लेकर 22.26 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।
इतना ही नहीं एक ठेकेदार से दो लाख रुपये का चेक भी ले रखा है। दोनों को झांसे में सेक्टर-15 की आलीशान कोठी में बुलाया गया, जहां पर फैक्टरी मालिक बनकर बाकायदा शपथ पत्र पर हस्ताक्षर भी किए। जब दोनों ठेकेदार साथियों के साथ फैक्टरी में पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। कोठी भी बंद मिली। जांच में पता लगा कि कोठी को किराए पर लेकर उन्हें फंसाया गया था। पुलिस ने दोनों के बयान पर धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के बड़ौत स्थित पट्टी चौधरान निवासी यामीन ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह फैक्टरी को ठेके पर लेकर उसका मलबा खरीदकर उसे तोड़ते हैं। वह फिलहाल सोनीपत के बारोटा क्षेत्र में साझेदार के साथ फैक्टरी लेकर तोड़ रहे हैं। उनके पास 11 अक्तूबर को कार सवार व्यक्ति आया था। उसने खुद को सुरेश शर्मा बताया था और कहा था कि उनके मालिक धर्मबीर की राई औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी है। वह उसे बेचना चाहते हैं।
वह 12 अक्तूबर को फैक्टरी देखकर आए थे। उसके बाद सुरेश ने उन्हें लोकेशन भेजकर सेक्टर-15 स्थित कोठी में बुला लिया। वहां पर उनके साथी नईम व सलीम ने 20.51 लाख रुपये में सौदा कर लिया। साथ ही 51 हजार रुपये बयाना दे दिया। बाद में 13 अक्तूबर को 10.25 लाख रुपये भी कोठी पर आकर दे दिए। इसका उन्होंने वीडियो भी बना लिया। आरोपियों ने यामीन के नाम पर पहले ही शपथ पत्र बनवाया हुआ था, जिस पर हस्ताक्षर किए गए। शपथ पत्र अपने पास रख लिया। जब वह 14 अक्तूबर को बताई गई फैक्टरी पर पहुंचे तो ताला लगा मिला। चौकीदार भी गायब था। बाद में कोठी पर पहुंचे तो वहां भी ताला लगा था। आसपास के लोगों ने बताया कि कोठी किराये पर दी गई है। यामीन ने बताया कि उनसे दो लाख का चेक भी ले रखा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के ठेकेदार से भी ऐंठे 11.50 लाख रुपये
दिल्ली के शालीमार बाग नॉर्थ वेस्ट निवासी राजू ने भी सेक्टर-27 थाने में शिकायत दी है कि उनके साथ राई औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी का मलबा बेचने के नाम पर 11.50 रुपये की ठगी की गई है। उनके पास सुरेश शर्मा के नाम से 7 अक्तूबर को कॉल की गई थी। वह 8 अक्तूबर को फैक्टरी देखकर गए थे। बाद में 9 अक्तूबर को उन्हें भी सेक्टर-15 की कोठी में बुलाया था। वहां पर 22.50 लाख रुपये में फैक्टरी का सौदा कर 11.50 लाख रुपये सुरेश शर्मा को दिए गए। धर्मबीर ने उनके साथ एग्रीमेंट (समझौता) किया था। वह 15 अक्तूबर को फैक्टरी में गए तो वह बंद मिली। बाद में कोठी पर भी ताला लटका मिला। उनके बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मलबा बेचने के नाम पर ठगी किए जाने की शिकायत मिली थी, जिन पर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। मामलों में गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर डॉ. सुनील कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-27 सोनीपत।