गांव बरोदा के रहने वाले श्रमिक का डेबिट कार्ड बदलकर 65 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना गोहाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बरोदा निवासी सज्जन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करते हैं। उन्होंने गोहाना में बरोदा रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में खाता खुलवा रखा है। वह पांच अगस्त को गोहाना में एटीएम से पैसे निकालने गया था। तीन बार डेबिट कार्ड से पैसे निकालने का प्रयास किया लेकिन पैसे नहीं निकले। उसी समय दो युवक एटीएम में आए। एक युवक ने उसे रुपये निकालने की बात कही। सज्जन ने उसे अपना डेबिट कार्ड दे दिया। रुपये निकालने के बाद युवक उसे कार्ड देकर चले गए। बाद में उसने देखा तो कार्ड बदला हुआ था। आरोपियों ने उसके खाते से 65 हजार रुपये निकाल लिये। गोहाना में दो सप्ताह में एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने की यह तीसरी घटना है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।