सोनीपत। गांव बुटाना के पास स्थित जनता स्कूल के पास पांच बदमाशों ने एक सेंट्रो कार चालक को पिस्तौल दिखाकर काबू करने के बाद उसकी कार लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। पीडि़त की शिकायत बरोदा थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव घड़वाल के रहने वाले हरदीप ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि वह अपनी सेंट्रो कार में सवार होकर गांव की तरफ जा रहा था। जब वह बुधवार देर शाम जनता बुटाना स्कूल के पास पहुंचा तो इसी दौरान पांच युवकों ने उसे रुकवा लिया। उसके कार रोकते ही युवकों ने पिस्तौल निकालकर उसे काबू कर लिया। युवकों ने उसे पिस्तौल के बल पर काबू करने के बाद कार से नीचे उतार दिया। बाद में आरोपी उसकी कार लेकर फरार हो गए। अचानक हुए घटनाक्रम से वह स्तब्ध रह गया। उसने मामले से बरोदा थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरोदा थाना पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।