गन्नौर।
रेलवे रोड स्थित होटल में खाने का बिल मांगने पर कैशियर की पिटाई करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी दीपक व उसके एक साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव बेगा निवासी जितेश ने बताया कि वह रेलवे रोड पर स्थित होटल में बतौर कैशियर कार्यरत है। 23 जनवरी को वह होटल में मौजूद थे। इसी दौरान छह युवक होटल में खाना खाने आए। खाना खाने के बाद युवकों ने यह कहते हुए रुपये देने से इन्कार कर दिया कि उन्होंने शाही पनीर ऑर्डर नहीं किया था। जब जितेश ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो दो युवकों ने उनकी पिटाई कर धमकी दी। उनके बाकी साथियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसके बाद वह स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठ कर वहां से चले गए। पिटाई करने वालों में एक युवक गांव शेखपुरा फिलहाल देवडू रोड सोनीपत निवासी दीपक था। पूरी वारदात होटल में लगे सीसीटीवी में दिखाई दे रही है।