सोनीपत। गांव जुआं में चोर दो भाइयों के घर से आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। दोनों भाई शादी में गए थे। दोनों लौटे तो चोरी का पता चला। मोहाना थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जुआं गांव निवासी सुनील ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई रविंद्र के साथ घर को अलग-अलग भाग में बांटकर रहते हैं। दोनों भाइयों का परिवार दिल्ली में आयोजित शादी समारोह में गया था। सुनील ने बताया कि वह शनिवार को परिवार सहित वापस आ गए। जब घर आकर जांच की तो रविंद्र के घर का ताला टूटा हुआ था। जांच की तो अलमारी में से नकदी और आभूषण गायब थे। उनके मकान से भी चोरी हुई है। सुनील ने बताया कि चोर उनके घर से करीब एक लाख रुपये, सोने का टीका, नथ, दो मंगलसूत्र, टॉप्स, चेन, अंगूठी, तागड़ी, हाथ फूल, चांदी का सेट समेत अन्य आभूषण ले गए। मोहाना थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।