छपड़ेश्वर मंदिर के पास स्थित बीमा एजेंट के कार्यालय का शटर तोड़कर चोर सामान व 12 हजार रुपये चोरी कर लिए। लेखाकार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमित कुमार ने बताया कि बीमा कार्यालय के संचालक राकेश चंचल की एक साथ चार दुकानें हैं, जिसमें से एक में उन्होंने अपना कार्यालय खोला हुआ है। वह शुक्रवार को अपने कार्यालय को बंद कर चले गए थे। लेकिन अब कार्यालय में गए तो वहां शटर पर लगा ताला टूटा मिला। साथ लगती दुकान के साथ ही दोनों दुकानों के शटर पर लगे ताले भी टूटे हुए थे। मालिक राकेश के मौके पर पहुंचने पर उसने शटर उठाया तो अंदर शीशे के दरवाजे का भी ताला तोड़ा गया था। कार्यालय से चोर एक एलसीडी, इनवर्टर-बैटरी, लैपटॉप, एक मोबाइल के अलावा अलमारी में रखी 12 हजार नकदी चोरी कर ले गए। साथ ही बढ़ई की दुकान से भी एक कटर मशीन व रंदा चोरी कर ले गए। जबकि स्टोर का सामान सुरक्षित है। जिस पर खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-
तीन दुकानों से नकदी व अन्य सामान चोरी
खरखौदा। रोहतक बाईपास पर परचून की दुकान से चोर सामान चोरी करने के साथ डीवीआर भी उखाड़ ले गए। साथ ही दो दुकानों से भी चोरों ने सामान चोरी किया है। ईदगाह कॉलोनी निवासी सोनू ने पुलिस को बताया कि उसने रोहतक मार्ग पर बाईपास के पास लोहे का खोखे में परचून की दुकान खोल रखी है। शाम को वह दुकान बंद कर घर चला गया था। सुबह वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। चोर अंदर से 2500 रुपये व बीडी-सिगरेट के बंडल चोरी करने के साथ डीवीआर भी उखाड़ ले गए हैं। उसने जब आसपास पता किया तो सुनील व हरकेश की दुकानों में हुई चोरी का जानकारी मिली। खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।