फोटो 19: सोनीपत के फरमाणा में राशन नहीं मिलने पर रोष जताते कार्ड धारक। संवाद
खरखौदा। गांव फरमाणा में राशन कार्ड धारकों को मंगलवार को राशन नहीं मिल पाया। शाम पांच बजे सर्वर डाउन होने से लोगों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। राशन कार्ड धारकों ने रोष जताते हुए राशन वितरण कराने की मांग की है। वहीं, भविष्य में समय पर राशन डिपो पर भेजने की मांग उठाई। कार्ड धारक जगबीर, कर्मबीर, दयानंद, धर्मेंद्र, ओमपति, सोमपति, शीला, कविता, पूनम, भतेरी, सीमा, कृष्णा, रामकली, राहुल व राजबीर ने बताया कि राशन डिपो पर समय पर राशन नहीं भेजा जा रहा है। यही कारण है कि राशन आने पर लोगों की भीड़ डिपो पर जुट रही है। कई दिन से लंबी लाइन होने के बाद भी कई पात्र लोग मंगलवार को महीने के आखिरी दिन तक राशन से वंचित रह गए। उहोंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि डिपो पर समय पर राशन नहीं आता, जिससे सामान बंटने में देरी होती है और उन्हें कई दिन तक लाइन में खड़ा होना पड़ता है। कार्ड धारकों ने सरकार से समय पर राशन उपलब्ध करवाने की मांग की है।