गन्नौर। गन्नौर से सोनीपत मार्ग पर भुर्री गांव के निकट तेज रफ्तार एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक, मां व एक युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए सोनीपत अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक ने मामले की शिकायत बड़ी थाना में दी है।
सोनीपत के देवनगर निवासी प्रहलाद ने बताया कि गन्नौर में उसकी दुकान है। वह गन्नौर से सोनीपत बाइक पर मां लक्ष्मी और दुकान के कर्मचारी शिवम के साथ जा रहे थे। वह जब भूर्री गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में वह और शिवम घायल हो गए। जबकि मां लक्ष्मी की मौत हो गई।
बड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। प्रहलाद की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।