खरखौदा। राष्ट्रीय राजमार्ग 334पी पर टोल प्लाजा के पास गलत दिशा में आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 24 निवासी सतबीर ने बताया कि उनके बेटे जतिन (30) जींद के भनभौरी गांव में किसी काम से गए हुए थे। बुधवार को वह जब काम निपटाकर अपनी कार से वापस लौट रहे थे। इस दौरान वह खुद भी किसी काम से सैदपुर आए हुए थे। उनका बेटे से संपर्क होने पर वह दोनों ही राष्ट्रीय राजमार्ग 334पी पर बवाना की तरफ चल पड़े। वह अपने बेटे की कार के पीछे बाइक लेकर चल रहे थे। उन्होंने झिंझौली से आगे टोल प्लाजा पार किया तो सामने से एक ट्रक तेज रफ्तार से गलत दिशा से उनकी तरफ आया और उनके बेटे की कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक ने अपनी पहचान दिल्ली निवासी मोहम्मद के रूप में दी है। सतबीर का कहना है कि जतिन उनका इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सैदपुर चौकी पुलिस ने सतबीर की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।