जीटी रोड पर लड़सौली के निकट एक अज्ञात गाड़ी चालक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सोनीपत के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। बड़ी थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-15 निवासी अरुणा ने बताया कि वह अपने पति उमेश शर्मा के साथ 20 अक्तूबर को कार में सवार होकर पानीपत किसी काम से गई थी। जब वे पानीपत से वापिस लौट रहे थे तो लड़सौली के निकट एक गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जिससे वह और उसका पति उमेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने दंपती को सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अरुणा की शिकायत पर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।