खरखौदा। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर खरखौदा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक कैंटर चालक की मौत हो गई। कैंटर का टायर फट जाने पर वह टायर बदल रहे थे, इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे चालक रूकनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पीजीआई, रोहतक में चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के गांव नंगला नया निवासी आनंद ने बताया कि वह कैंटर पर बतौर क्लीनर काम करता है, इस कैंटर को उनके रिश्ते में चाचा मैनपुरी के गांव अडूपुर निवासी रूकनेश चलाते थे। वह पानीपत से कैंटर में सीमेंट लोड कर जा रहे थे। जब वह केएमपी एक्सप्रेस-वे पर खरखौदा पहुंचे तो उनके कैंटर का पिछला टायर फट गया। ऐसे में वह कैंटर रोककर टायर बदलने लगे, तभी पीछे से एक कार तेज गति से आई और सीधी टक्कर चालक रूकनेश को मार दी। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। चालक अपनी कार लेकर मौके से भाग गया। इसके बाद वह अपने चाचा को इलाज के लिए पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचा, जहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची खरखौदा थाना पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।