सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर गांव कुमासपुर फ्लाईओवर पर ईंट से लदी ट्रॉली में कैंटर की टक्कर हो गई। हादसे में कैटर चालक की मौत हो गई। क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर के दूसरे कैंटर चालक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर के गांव शहामतगंज गौंटिया निवासी आदित्य ने बताया कि वह दिल्ली के बुढ़पुर निवासी श्रीराम की ट्रांसपोर्ट कंपनी का कैंटर चलाता है। उन्हें सूचना मिली कि उनके दूसरे कैंटर के चालक पंजाब के जिला जालंधर के गांव तलवंडी बरोह निवासी लखविंदर सिंह कुमासपुर के पास फ्लाईओवर पर हुई दुर्घटना में घायल हो गए हैं। वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि लखविंदर का कैंटर ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टकराया हुआ था। कैंटर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। राहगीरों ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को अलग कर लखविंदर को बाहर निकालकर दिल्ली के नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर गए। रास्ते में लखविंदर ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली बिना इंडिकेटर के खड़ी थी। इसके चलते वह दिखाई नहीं दी। कैंटर ट्रॉली में टकरा गया। अस्पताल पहुंचने पर लखविंदर को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ थाना पुलिस ने आदित्य के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है।