सोनीपत। सोनीपत शहर के विभिन्न स्कूलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर रविवार को क्रिड पंचायत लोकल ऑपरेटर (सीपीएलओ) की परीक्षा आयोजित की गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। बूंदाबांदी के बीच परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों को पहले बूंदाबांदी फिर जाम का सामना करना पड़ा। परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक प्रबंध किए गए थे।
जिले में रविवार को हुई सीपीएलओ की परीक्षा को शहर के मुरथल अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गीता भवन चौक स्थित जीवीएम सीनियर सैकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षार्थियों के साथ आए अभिभावकों को केंद्रों के बाहर ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ा।
ग्राम पंचायतों में होनी है भर्तियां
सरकार की तरफ से प्रत्येक गांव में कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए लेवल-1 की परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। जिन विद्यार्थियों ने लेवल-1 की परीक्षा पास की है, उनके लिए रविवार को लेवल-2 की परीक्षा आयोजित की गई थी। ऐसे में सुबह से ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे थे।
कई मार्गों पर बनी जाम की स्थिति
मौसम विशेषज्ञों ने रविवार को बारिश और कई जगह ओलावृष्टि का पूर्वानुमान किया था। जिसे देखते हुए काफी परीक्षार्थी अपने निजी वाहनों से पेपर देने पहुंचे थे। सुबह के समय मुरथल अड्डा, गीता भवन चौक, गोहाना रोड, रेलवे रोड सहित कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। परीक्षा खत्म होने के बाद भी परीक्षार्थियों को जाम से जूझना पड़ा।
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई परीक्षा
सीपीएलओ की परीक्षा को लेकर पहले ही सभी तैयारी पूरी कर ली गई थी। स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में कुल 648 परीक्षार्थियों को पंजीकृत किया गया था। इनमें से 637 परीक्षार्थियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई, जबकि 11 अनुपस्थित रहे। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक था। हालांकि सुबह 10 बजे से ही प्रवेश शुरू कर दिया गया था। शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई।
सुमन बाला, प्राचार्य, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोनीपत