सोनीपत। गांव खुर्मपुर में तीन माह पहले हुई कहासुनी की रंजिश में एक युवक को फोन कर घर से बाहर बुलाने के बाद उसका अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। युवक के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव खुर्मपुर के रहने वाले रामरत्न ने पुलिस को बताया कि वह गांव का चौकीदार है। उसके छोटे बेटे गणेश की गांव के ही अमित व रवि के साथ दोस्ती थी। करीब तीन माह पहले उसके बेटे की छोटी-मोटी बात को लेकर उन दोनों के साथ कहासुनी हो गई थी। इस बारे में उसके बेटे ने उसे अवगत भी कराया था। रामरत्न ने बताया कि मंगलवार रात को करीब 9 बजे उसके बेटे के पास अमित का फोन आया था। उसका बेटा उस समय घर पर ही था। जिसके बाद वह बाहर सड़क पर चला गया। अमित व रवि उस समय ट्रक लिए हुए थे। वह भी बाहर आ गया। उसके सामने ही दोनों ने उसके बेटे को जबरन ट्रक में डाल लिया। उसने आवाज भी दी, लेकिन वह भाग निकले। जिस पर वह आरोपियों के घर उलाहना देने गया तो उनके परिजनों ने दोनों को आवारा बताते हुए पल्ला झाड़ लिया और कहा कि उन्हें उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं हैं। जिस पर वह अपने स्तर पर अपने बेेटे को तलाश करता रहा, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।