राई। कुमासपुर स्थित एक कंपनी के कर्मचारी से साइबर ठगों ने ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत बहालगढ़ थाना पुलिस को दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के गांव धौरा-टांडा निवासी अनवर अहमद ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह 15 साल से सोनीपत में रहते हैं। वह कुमासपुर में नेचर वाया फूड कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने दोस्त सुरेश कुमार को फोन-पे पर पांच हजार रुपये भेजे थे। वह रुपये उनके खाते से कट गए, लेकिन सुरेश के खाते में नहीं पहुंचे। जिस पर उन्होंने फोन-पे के कस्टमर केयर में बात करने के लिए गूगल से नंबर लिया था। उसके बाद उनके पास कस्टमर केयर के नाम से फोन आया। उसने झांसे में लेकर उनके मोबाइल पर एनी डेस्क एप डाउनलोड करा दिया। उसके बाद उनके खाते से 25-25 हजार रुपये कटने शुरू हो गए। उनके पास 25-25 हजार रुपये ट्रांसफर होने के छह मैसेज आए। उसके बाद 80 हजार और 20 हजार रुपये ट्रांसफर होने के दो मैसेज आए। इस पर उन्होंने बैंक में संपर्क करके अपने खाते को ब्लाक करा दिया। तब तक उनके खाते से 2.50 लाख रुपये साइबर ठगों ने ट्रांसफर कर लिए थे। बहालगढ़ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ठगी करने वालों का पता लगा रही है।