फोटो 05. कपड़ा मार्केट के सामने नई सीवर लाइन डालने के लिए उखाड़ी गई सड़क। संवाद
सोनीपत। कपड़ा मार्केट में पुरानी सीवरलाइन लीक होने के कारण 15 दिन पहले सड़क धंस गई थी। इससे लोगों को परेशानी हो रही थी। रविवार को नगर निगम ने गीता भवन चौक से देवीलाल चौक तक रास्ता बंद कर सड़क तोड़कर नई लाइन डाली। इसकी वजह से दिनभर बस अड्डा, मामा भांजा चौक और गीता भवन चौक के पास जाम की स्थिति बनी रही।
शहर की अधिकतर हिस्से में पुरानी सीवरलाइन है। 15 दिन पहले बारिश के दौरान कपड़ा मार्केट के सामने यह सीवरलाइन लीक होने से मैनहोल समेत धंस गई थी। लोगों व वाहन चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर उस जगह पर बैरिकेड लगा दिया गया था। रविवार को इसे बदल दिया गया। लाइन बदलने के लिए पुलिसकर्मियों की मदद से वाहन चालकों को गीता भवन चौक से झंडी रोड होते हुए ओल्ड डीसी रोड से मामा भांजा चौक की तरफ निकाला गया या गीता भवन चौक से सुभाष चौक और ओल्ड डीसी रोड से मामा भांजा चौक भेजा गया। नगर निगम के अधिकारियों ने सीवर लाइन डालने का काम रविवार सुबह शुरू से शाम तक चलाया।
मेयर ने पार्षद के साथ निर्माण का जायजा
मेयर निखिल मदान ने निगम पार्षद सुरेंद्र नैय्यर के साथ नई सीवर लाइन डालने के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सहायक अभियंता सुरेश लोहान व ठेकेदार को रविवार रात तक ही निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिससे रात को ही वाहन चालकों के लिए गीता भवन चौक से देवीलाल चौक मार्ग को खोला जा सके। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार, प्रवीन सैनी, कुलदीप वत्स भी मौजूद रहे।
फोटो 05. कपड़ा मार्केट के सामने नई सीवर लाइन डालने के लिए उखाड़ी गई सड़क। संवाद