खरखौदा। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे के गांव पिपली स्थित शराब ठेके के पास हुए विवाद में गोली चलने से पिपली गांव के पूर्व सरपंच व हलालपुर के युवक समेत तीन लोग घायल हो गए। जिसमें दो को सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया है। पूर्व सरपंच को दिल्ली तो दूसरे युवक को रोहतक रेफर किया गया है। वहीं तीसरे घायल के बारे में पता नहीं लग सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीरवार रात गांव पिपली स्थित शराब ठेके के पास गांव पिपली के पूर्व सरपंच रामनिवास व हलालपुर के रहने वाले सुमित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया गया है कि मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों में गोलियां चल गईं। जिसमें पूर्व सरपंच रामनिवास के पेट में गोली लगी व हलालपुर के रहने वाले सुमित के हाथ में गोली लगी है। एक अन्य के भी घायल होने की सूचना है। हालांकि उसके बारे में अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। घायल रामनिवास व सुमित को नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद रामनिवास को दिल्ली और सुमित को पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। तीसरे के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल विवाद के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले को शराब ठेके से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस बारे में एसीपी जीत सिंह बेनीवाल ने बताया कि पिपली गांव में गोलियां चली हैं, जिसमें तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस के पास किसी अस्पताल से रुक्का नहीं आया है। घायलों का पता लगाया जा रहा है। मौके पर टीम जांच कर रही है।