सोनीपत। गांव चिडाना में युवक ने चचेरे भाई के साथ हुई कहासुनी की रंजिश में उस पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। युवक का आरोप है कि उस पर दो फायर किए गए, गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी। उसने भागकर जान बचाई। युवक ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने इस संबंध में एक नामजद समेत चार युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव चिडाना के रहने वाले हरपाल उर्फ जोनी ने पुलिस को बताया कि उसके चचेरे भाई रोहित की कुछ दिन पहले मुंडलाना गांव के मोहित के साथ कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद से वह उससे रंजिश रखने लगा। हरपाल ने बताया कि वह सोमवार को अपने गांव में गली से पैदल चलकर घर की तरफ जा रहा था। इसी बीच मोहित अपने तीन अन्य साथियों के साथ बाइक पर आया। उन्होंने उसे रोक कर गांव के रवि के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह अपने घर होगा। इसी बीच मोहित ने अपने साथी को कहा कि इसे गोली मार दे। इतना सुनते ही वह जान बचाकर भागने लगा। इसी बीच युवकों ने उस पर दो फायर किए। गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी। जिसके बाद आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। हरपाल ने मामले से मुंडलाना चौकी पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मोहित व अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।