गोहाना (सोनीपत)। नगर परिषद की टीम ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी के मकान के साथ ही 10 घरों के बाहर रैंप पर बुलडोजर चला दिया। आरोपी फिलहाल जेल में बंद है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। नगर परिषद के अधिकारियों ने कार्रवाई से पहले कोठी का नक्शा मांगा था। नक्शा पेश न करने पर कार्रवाई की गई।
लाठ जौली चौक पर 15 सितंबर, 2023 को गांव लाठ के रमेश और राज सिंह की हत्या की गई थी। दोनों रिश्ते में दादा-पोते थे। रमेश के चचेरे भाई मनजीत की शिकायत पर सदर थाना गोहाना में पांच नामजद व अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस दोहरे हत्याकांड में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस जांच में बाद में इस हत्याकांड में मूलरूप से गांव लाठ और फिलहाल गोहाना की चोपड़ा कॉलोनी के वरुण का नाम भी सामने आया था। वारदात में स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट की टीम ने वरुण को 23 जून को गिरफ्तार किया था और वह अब जेल में बंद है।
बुधवार दोपहर को चोपड़ा कॉलोनी में नगर परिषद के एमई बृजेश हुड्डा, भवन निरीक्षक विजय सिक्का, एसीपी सोमबीर, शहर थाना प्रभारी मोहन सिंह व सदर थाना प्रभारी महिपाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। वहां पर एक गली में कई लोगों ने अवैध रैंप पर बुलडोजर चलवाना शुरू किया। करीब 10 लोगों के घरों के बाहर रैंप तोड़े गए। इसके बाद अधिकारी वरुण की कोठी पर पहुंचे। अधिकारियों ने मकान का नक्शा मांगा। नक्शा पेश न करने पर कान को पूरी तरह से ध्वस्त किया गया। नगर परिषद के अधिकारी कार्रवाई को लेकर कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।
गोहाना में अवैध निर्माण करवा रखा था, जिसका मकान टूटा है, उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। नगर परिषद ने अवैध निर्माण गिराने के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस सुरक्षा के बीच नगर परिषद ने अवैध निर्माण को गिरा दिया।
- नरेंद्र सिंह, डीसीपी क्राइम