गन्नौर। जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से शुक्रवार को गांव बड़ी में काली माता मंदिर के पास विकसित की जा रही अवैध काॅलोनी में भरी प्लाटों की नींव व निर्माणाधीन सर्विस स्टेशन को बुलडोजर की मदद से गिराया गया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एटीपी मनदीप के नेतृत्व में विभाग के जेई सुमित कुमार, इंफोर्समेंट एएसआई संदीप कुमार व पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
टीम ने कार्रवाई के दौरान 15 डीपीसी, 2 बाउंड्री वाल व निर्माणाधीन सर्विस स्टेशन को ध्वस्त किया। गांव बड़ी में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर दूसरी बार तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई है। इससे पहले भी विभाग की ओर से कॉलोनाइजरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया था। साथ ही तहसील में इस जमीन पर होने वाली प्लॉटों की रजिस्ट्री पर रोक लगवा दी गई थी। इसके बावजूद काॅलोनाइजर की ओर से बार-बार काॅलोनी को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके चलते विभाग ने फिर से तोड़फोड़ की कार्रवाई की। जिला नगर योजनाकार अधिकारी नरेश कुमार ने कहा कि यदि काॅलोनी में फिर से निर्माण कार्य किया गया तो उसे विभाग की ओर से फिर से तुड़वाया जाएगा। उन्होंने लोगों को अवैध कॉलोनियों में प्लाॅट न खरीदने की हिदायत दी।