सोनीपत। गांव अकबरपुर बारोटा के पास बसाई जा रही अवैध कॉलोनी को जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कराया।
पुरानी फैक्टरी को तोड़कर लगभग 7.5 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कॉलोनी बसाई जा रही थी। इस कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़कें बनाई गई थीं। पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी सड़कें, चहारदीवारी व डीपीसी को तोड़ा। डीटीपी नरेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि गांव अकबरपुर बरोटा के पास पुरानी लैदर फैक्टरी को तोड़कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। सूचना के आधार पर जिला नगर योजनाकार ने टीम बनाकर मौके पर तोड़फोड़ की कार्रवाई के लिए अधिकारियों को भेजा। अधिकारियों ने मौके पर पाया कि अवैध कॉलोनी को 7.5 एकड़ में विकसित किया जा रहा था। जहां पर इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़कें बनाई गई थी। तीन प्लॉटों को डीपीसी करवाई गई थी, वहीं चहारदीवारी भी बनाई गई थी। डीटीपी की टीम ने डीपीसी, चहारदीवारी और सड़क को तोड़ा।